एग्री जिंसों की दैनिक रिपोर्ट 29 अप्रैल 2024

चना तेज, अन्य दालों के भाव स्थिर
गेहूं के दाम नरम, ग्वार गम एवं सीड में मंदा
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने चना और अरहर की कीमतों में आई तेजी को देखते हुए नेफेड एवं एनसीसीएफ के साथ ही अन्य अधिकारियों के साथ पिछले सप्ताह बैठक बुलाकर इनकी कीमतों को नियंत्रित करने के कदम उठाने को कहा है।  

स्टॉकिस्टों की सक्रियता से चना की कीमतें दिल्ली में 100 से 125 रुपये तेज खुली हैं। व्यापारियों के अनुसार बढ़े दाम पर दाल मिलों की खरीद कमजोर है, इसलिए मौजूदा कीमतों में हल्की नरमी और आ सकती है। हालांकि उत्पादक राज्यों की मंडियों में चना की दैनिक आवक उम्मीद के अनुसार बढ़ नहीं पा रही, क्योंकि चालू सीजन में उत्पादन अनुमान कम है इसलिए भविष्य तेजी का ही है। दिल्ली में राजस्थान के नए चना के दाम 100 रुपये तेज होकर 6,600 से 6,625 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए, इस दौरान मध्य प्रदेश के नए चना के दाम 125 रुपये बढ़कर 6,550 से 6,575 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। चना की दैनिक आवक 14 से 15 मोटरों की हुई।

सोलापुर में अरहर की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। व्यापारियों के अनुसार चेन्नई में आयातित लेमन के दाम भी रुके गए हैं। हालांकि अरहर के आयात पड़ते अभी भी महंगे हैं इसलिए आयातक दाम तेज करना चाहते है लेकिन घरेलू बाजार में दलहन की ऊंची कीमतों को लेकर केंद्र सरकार सख्त है। ऐसे में दाल मिलर्स केवल जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। आगामी दिनों में म्यांमार से लेमन की आवक बढ़ेगी, साथ ही सूडान से नई अरहर की शिपमेंट आयेगी। अरहर दाल में बढ़ी हुई कीमतों में खुदरा के साथ ही थोक में ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर ही है। जानकारों के अनुसार देसी अरहर की आवक उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में कम हुई है। इसलिए बढ़ी हुई कीमतों में मुनाफावसूली करते रहना चाहिए। सोलापुर मंडी में देसी अरहर के भाव 10,000 से 11,900 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

आयातित उड़द की कीमतें डॉलर में चेन्नई में आज भी स्थिर बनी रही। व्यापारियों के अनुसार उड़द दाल में थोक एवं खुदरा में मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है इसलिए उड़द की कीमतों में बड़ी तेजी के आसार नहीं है। वैसे भी तेलंगाना के साथ ही आंध्र प्रदेश में उड़द की आवक अभी बनी हुई हैं साथ ही केंद्र सरकार की सख्ती से उड़द की खरीद दाल मिलें केवल जरुरत के हिसाब से कर रही रही है। वैसे भी आगामी दिनों में म्यांमार से उड़द का आयात बढ़ेगा, तथा म्यांमार में उत्पादन अनुमान ज्यादा है। ऐसे घरेलू बाजार में स्टॉकिस्टों की सक्रियता से उड़द की कीमतों में हल्की तेजी तो बन सकता है लेकिन बड़ी तेजी के आसार नहीं है। चेन्नई में उड़द एसक्यू के दाम 1,160 डॉलर और एफएक्यू के 1,070 डॉलर प्रति टन पर स्थिर हो गए।

मूंग के भाव उत्पादक मंडियों में स्थिर ही बने हुए हैं। व्यापारी मूंग की कीमतों में अभी बड़ी तेजी के पक्ष में नहीं है। मध्य प्रदेश और गुजरात की मंडियों में समर मूंग की आवक शुरू हो गई है तथा मौसम साफ रहा तो उत्पादक राज्यों की मंडियों में नई मूंग की दैनिक आवक पहले की तुलना में बढ़ेगी। चालू सीजन में समर में मूंग की बुआई बढ़ी है, जिस कारण उत्पादन अनुमान भी ज्यादा है। इसलिए इसके भाव में अभी बड़ी तेजी के आसार नहीं है। छिंदवाड़ा मंडी में मूंग के दाम 6,800 से 8,050 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर बने रहे।

देसी मसूर के दाम दिल्ली में 25 रुपये तेज हो गए, लेकिन व्यापारी बड़ी तेजी के पक्ष में नहीं है। व्यापारियों के अनुसार मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश में नई मसूर की आवक बराबर बनी हुई है तथा चालू रबी में मसूर के रिकार्ड उत्पादन का अनुमान है। केंद्र सरकार दलहन की कीमतों की हर सप्ताह समीक्षा भी कर रही है। इसलिए इसके भाव में आगे नरमी ही आने का अनुमान है। जानकारों के अनुसार मसूर दाल में खपत राज्यों बिहार, बंगाल एवं असम की मांग मई अंत के बाद कम हो जायेगी। केंद्रीय पूल में मसूर का स्टॉक 6 से 6.50 लाख क्विंटल का है। दिल्ली में देसी मसूर के दाम 6,325 से 6,350 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

धान के साथ ही बासमती चावल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। व्यापारियों के अनुसार बासमती चावल में निर्यातकों की मांग बनी रहने की उम्मीद है इसलिए मौजूदा कीमतों में हल्का सुधार आ सकता है। गेहूं की सरकारी खरीद के कारण धान की आवक मंडियों में बंद है। राजस्थान लाईन से 1,718 सेला का व्यापार 7100 रुपये और सुगंधा सेला का 5,000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

गेहूं के दाम लारेंस रोड पर 15 रुपये कमजोर होकर 2440 से 2,465 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। उत्तर भारत के राज्यों में मौसम साम् है इसलिए नए गेहूं की आवक बढ़ेगी, जिस कारण इसके भाव में हल्की गिरावट आ सकती है। उधर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी नए गेहूं की आवक बराबर बनी हुई है।

मक्का के भाव स्थिर हो गए व्यापारियों के अनुसार रबी मक्का की आवक मंडियों में लगातार बढ़ी रही है, इसलिए आगे इसके भाव में नरमी आने का अनुमान है। बिहार की गुलाबबाग में मक्का का व्यापार 2,050 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

बाजरा की कीमतें स्थिर हो गई। व्यापारियों के अनुसार बाजरा की आवक मंडियों में काफी कम हो रही है इसलिए ज्यादा मंदा नहीं आयेगा। चरखी दादरी मंडी में बाजरा का व्यापार 2,230 से 2,250 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

जौ के भाव तेज हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक मंडियों में जौ की आवकों में कमी आई है। उधर स्टॉकिस्ट एवं माल्ट कंपनियां खरीद कर रही हैं। इसलिए भाव में हल्का सुधार बन सकता है। चरखी दादरी मंडी में जौ के भाव 50 रुपये तेज होकर 1910 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

चीनी की कीमतें रुकी हुई हैं। व्यापारी अभी चीनी में ज्यादा मंदे में नहीं है, गर्मियों का सीजन होने के कारण चीनी में मांग बनी रहने की उम्मीद है। हालांकि चीनी के आरंभिक अनुमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है तथा देशभर के राज्यों में 15 अप्रैल तक 310.93 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है।

सरसों के भाव में 50 रुपये का सुधार आया है। उधर मलेशिया में पाम तेल में सुधार आया है, साथ ही शिकागो में सोया तेल के दाम भी तेज खुले हैं। जानकारों के अनुसार उत्पादक राज्यों में मौसम अनुकूल रहा तो सरसों की आवक बराबर बनी रहेगी। ऐसे में सरसों की कीमतों में हल्का सुधार और बन सकता है लेकिन बड़ी तेजी के आसार नहीं है। सरसों तेल के दाम पांच रुपये तेज खुले हैं लेकिन खल के दाम स्थिर हो गए।

घरेलू बाजार में खाद्वय तेलों के भाव में सुधार आने की उम्मीद है। मलेशिया में जुलाई महीने के वायदा अनुबंध में पाम तेल के दाम 26 रिगिंट तेज होकर 3,922 रिगिंट प्रति टन हो गए। साथ ही शिकागो में भी सोया तेल में सुधार आया है। इसलिए इनके भाव में हल्का सुधार बन सकता है हालांकि जानकारों का मानना है कि विश्व बाजार में खाद्वय तेलों में अभी बड़ी तेजी के आसार कम है।

सोयाबीन के दाम उत्पादक मंडियों में नरम खुले हैं। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक मंडियों में सोयाबीन की दैनिक आवक बराबर बनी हुई है, जबकि प्लांट जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। हालांकि शिकागो में सोयाबीन और सोया तेल के दाम तेज खुले हैं, लेकिन मील में मंदा आया है।

गुजरात की मंडियों में कैस्टर सीड की आवक 1,70,000 बोरियों की हुई तथा इसके भाव 10 रुपये घटकर 1,090 से 1,110 रुपये प्रति 20 किलो रह गए। राजकोट में कमर्शियल तेल के दाम 10 रुपये कमजोर होकर 1,140 रुपये तथा एफएसजी के दाम 10 रुपये घटकर 1,150 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।

घरेलू बाजार में कॉटन की कीमतें हल्का सुधार आया है। आईसीई के इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग में आज कॉटन की कीमतें तेज खुली हैं जिस कारण घरेलू मिलों की मांग में सुधार आया है। जानकारों के अनुसार घरेलू बाजार में स्पिनिंग मिलों के पास कॉटन का बकाया स्टॉक कम है, अत: मिलों को कॉटन की खरीद करनी होगी। हालांकि इसकी कीमतों में तेजी, मंदी आईसीई कॉटन वायदा के दाम पर ही निर्भर करेगी।

बिनौला एवं कपास खली के भाव नरम हो गए, व्यापारियों के अनुसार ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर है साथ ही उत्पादक मंडियों में कपास की दैनिक आवकों में कमी आने से तेल मिलों की बिक्री भी कमजोर है। इसलिए इनकी कीमतों में हल्की तेजी, मंदी बनी रह सकती है।

ग्वार सीड और ग्वार गम के दाम कमजोर हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार ग्वार गम उत्पादों में निर्यात मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है तथा प्लांटों के पास बकाया स्टॉक ज्यादा है। चालू सीजन में मानसूनी बारिश सामान्य होने का अनुमान है। ऐसे में ग्वार गम और सीड में अभी बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए। उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में ग्वार सीड की दैनिक आवकों में कमी आई है। 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *