एग्री जिंसों की दैनिक रिपोर्ट 25 अप्रैल 2024

चना तेल, अन्य दालों के भाव स्थिर
गेहूं के दाम दूसरे दिन नरम, ग्वार गम एवं सीड में तेजी

नई दिल्ली। चना की कीमतें दिल्ली में 25 रुपये तेज हुई। व्यापारियों के अनुसार बुधवार शाम को भी इसके भाव में सुधार आया था। वैसे भी चना में नीचे दाम पर जहां स्टॉकिस्टों की खरीद बढ़ जाती है वहीं बढ़ी हुई कीमतों में मिलें केवल जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रही है इसलिए कीमतों में अभी सीमित तेजी, मंदी बनी रहेगी। उत्पादक राज्यों में मौसम अनुकूल रहा तो चना की आवक अभी बनी रहेगी, तथा आवकों का देखते हुए दाल मिलें केवल जरूरत के हिसाब से ही चना की खरीद कर रहे हैं। ऐसे में भाव नीचे आने पर ही चना की खरीद करें। हालांकि चालू सीजन में उत्पादन अनुमान कम है इसलिए भविष्य तेजी का ही है। दिल्ली में राजस्थान के नए चना के दाम 25 रुपये बढ़कर 6,325 से 6,350 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए, इस दौरान मध्य प्रदेश के नए चना के दाम 25 रुपये तेज होकर 6,275 से 6,300 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। चना की दैनिक आवक 3 से 4 मोटरों की हुई।

सोलापुर में अरहर की कीमतें स्थिर हो गई। व्यापारियों के अनुसार अरहर के आयात पड़ते महंगे हैं इसलिए आयातक दाम तेज करना चाहते है। हालांकि घरेलू बाजार में दलहन की ऊंची कीमतों को लेकर केंद्र सरकार सख्त है। ऐसे में दाल मिलर्स केवल जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। आगामी दिनों में म्यांमार से लेमन की आवक बढ़ेगी, साथ ही सूडान से नई अरहर की शिपमेंट आयेगी। अरहर दाल में बढ़ी हुई कीमतों में खुदरा के साथ ही थोक में ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर ही है। जानकारों के अनुसार देसी अरहर की आवक उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में कम हुई है। इसलिए इसके भाव में अभी बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए। सोलापुर मंडी में देसी अरहर के भाव 10,000 से 11,900 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

आयातित उड़द की कीमतें डॉलर में चेन्नई में स्थिर हो गई। व्यापारियों के अनुसार उड़द दाल में थोक एवं खुदरा में मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है इसलिए उड़द की कीमतों में एकतरफा बड़ी तेजी के आसार नहीं है। वैसे भी तेलंगाना के साथ ही आंध्र प्रदेश में उड़द की आवक अभी बनी हुई हैं साथ ही केंद्र सरकार की सख्ती से उड़द की खरीद दाल मिलें केवल जरुरत के हिसाब से कर रही रही है। वैसे भी आगामी दिनों में म्यांमार से उड़द का आयात बढ़ेगा, तथा म्यांमार में उत्पादन अनुमान ज्यादा है। ऐसे घरेलू बाजार में स्टॉकिस्टों की सक्रियता से उड़द की कीमतों में हल्की तेजी तो बन सकता है लेकिन बड़ी तेजी के आसार नहीं है। हालांकि आयात पड़ते अभी भी महंगे हैं। चेन्नई में उड़द एसक्यू के दाम 1,170 डॉलर और एफएक्यू के 1,080 डॉलर प्रति टन पर स्थिर हो गए।

मूंग के भाव उत्पादक मंडियों में आज भी स्थिर बने हुए हैं। व्यापारी मूंग की कीमतों में अभी बड़ी तेजी के पक्ष में नहीं है। मध्य प्रदेश की मंडियों में समर मूंग की आवक शुरू हो गई है तथा मौसम साफ रहा तो उत्पादक राज्यों की मंडियों में नई मूंग की दैनिक आवक पहले की तुलना में बढ़ेगी। मूंग दाल में मांग अभी बनी रहेगी, तथा मूंग का उत्पादन अनुमान कम होने की आशंका है। इसलिए इसके भाव में सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश और गुजरात में समर मूंग की आवक शुरू हो गई है। छिंदवाड़ा मंडी में गोदाम की मूंग का व्यापार 6,800 से 8,050 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

देसी मसूर के दाम दिल्ली में स्थिर ही बने हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश में नई मसूर की आवक बराबर बनी हुई है तथा चालू रबी में मसूर के रिकार्ड उत्पादन का अनुमान है। केंद्र सरकार दलहन की कीमतों की हर सप्ताह समीक्षा भी कर रही है। इसलिए इसके भाव में आगे नरमी ही आने का अनुमान है। जानकारों के अनुसार मसूर दाल में खपत राज्यों बिहार, बंगाल एवं असम की मांग बराबर बनी रहने की उम्मीद है। केंद्रीय पूल में मसूर का स्टॉक 6 से 6.50 लाख क्विंटल का है। दिल्ली में देसी मसूर के दाम 6,275 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

धान के साथ ही बासमती चावल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। व्यापारियों के अनुसार बासमती चावल में निर्यातकों की मांग बनी रहने की उम्मीद है इसलिए भाव में हल्का सुधार आ सकता है। मध्य प्रदेश लाइन से 1,718 सेला चावल का व्यापार 7150 रुपये और 1,509 किस्म के सेला का व्यापार 6500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

गेहूं के दाम लारेंस रोड पर 10 रुपये कमजोर होकर 2425 से 2,435 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। उत्तर भारत के राज्यों में मौसम साफ है इसलिए नए गेहूं की आवक बढ़ी है। इसलिए आगे इसके भाव में नरमी आ सकती है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में नए गेहूं की आवकों में बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में गेहूं की आवक 3,500 बोरी की हुई।

मक्का के भाव आज भी स्थिर बने हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार रबी मक्का की आवक मंडियों में लगातार बढ़ी रही है, इसलिए आगे इसके भाव में नरमी आने का अनुमान है। सांगली में मक्का के बिल्टी भाव 2,425 से 2,475 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

बाजरा की कीमतें कमजोर हुई हैं, हालांकि बाजरा की आवक मंडियों में काफी कम हो रही है इसलिए ज्यादा मंदा नहीं आयेगा। पंजाब पहुंच बाजरा का व्यापार 2,260 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

जौ के भाव स्थिर बने हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक मंडियों में जौ की आवक अभी बराबर बनी हुई है साथ ही स्टॉकिस्टों की खरीद भी बनी हुई है। अभी इसके भाव में बड़ी तेजी की उम्मीद नहीं है। मंडियों में जौ के भाव 1550 से 1750 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे हैं।

चीनी की कीमतें रुकी हुई हैं। व्यापारी अभी चीनी में ज्यादा मंदे में नहीं है, गर्मियों का सीजन होने के कारण चीनी में मांग बनी रहने की उम्मीद है। हालांकि चीनी के आरंभिक अनुमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है तथा देशभर के राज्यों में 15 अप्रैल तक 310.93 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है।

सरसों के भाव में गिरावट आने का अनुमान है। उधर मलेशिया में पाम तेल में मंदा आया है, साथ ही शिकागो में सोया तेल के दाम कमजोर हुए हैं। जानकारों के अनुसार उत्पादक राज्यों में मौसम अनुकूल रहा तो नई सरसों की आवक अभी बराबर बनी रहेगी। ऐसे में इसकी कीमतों में हल्की गिरावट आने का अनुमान है। सरसों तेल एवं खल में भी ग्राहकी कमजोर है।

घरेलू बाजार में पामोलीन के भाव 4 रुपये तेज खुले हैं, जबकि अन्य तेलों के दाम 3 से 10 रुपये कमजोर खुले हैं। मलेशिया में पाम तेल के दाम जुलाई वायदा अनुबंध के 92 रिगिंट कमजोर होकर 3,850 रिगिंट प्रति टन रह गए। शिकागो में भी सोया तेल में मंदा आया है। जानकारों के अनुसार विश्व बाजार में खाद्वय तेलों में अभी बड़ी तेजी के आसार कम है। अत: घरेलू बाजार में इनकी कीमतों पर दबाव आया है।

सोयाबीन के दाम उत्पादक मंडियों में कमजोर हो गए। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक मंडियों में सोयाबीन की दैनिक आवक बराबर बनी हुई है, जबकि प्लांट जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। शिकागो में सोयाबीन, सोया तेल और मील के दाम कमजोर खुले हैं।

गुजरात की मंडियों में कैस्टर सीड की आवक 1,45,000 बोरियों की हुई तथा इसके भाव 1,110 से 1,135 रुपये प्रति 20 किलो पर स्थिर बने रहे।

घरेलू बाजार में कॉटन की कीमतें स्थिर बनी हुई है। विश्व बाजार में आज कॉटन की कीमतों में मिलाजुला रुख है, जिस कारण घरेलू मिलें केवल जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रही हैं। जानकारों के अनुसार घरेलू बाजार में स्पिनिंग मिलों के पास कॉटन का बकाया स्टॉक कम है, अत: मिलों को कॉटन की खरीद करनी होगी। हालांकि इसकी कीमतों में तेजी, मंदी आईसीई कॉटन वायदा के दाम पर ही निर्भर करेगी।

बिनौला एवं कपास खली के भाव में नरमी आई, व्यापारियों के अनुसार ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर है। हालांकि उत्पादक मंडियों में कपास की दैनिक आवकों में पहले की तुलना में कमी आई है, तथा आगामी दिनों में आवक और घटेगी, इसलिए इनकी कीमतों में हल्की तेजी, मंदी बनी रह सकती है।

ग्वार सीड और ग्वार गम के दाम तेज खुले हैं, लेकिन व्यापारी बड़ी तेजी में नही है। ग्वार गम उत्पादों में निर्यात मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है तथा प्लांटों के पास बकाया स्टॉक ज्यादा है। चालू सीजन में मानसूनी बारिश सामान्य होने का अनुमान है। ऐसे में ग्वार गम और सीड में अभी बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए। हालांकि उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में ग्वार सीड की दैनिक आवकों में कमी आई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *