एग्री जिंसों की दैनिक रिपोर्ट 21 मार्च 2024
चना के साथ ही अन्य दालों के भाव स्थिर
गेहूं के भाव तेज, ग्वार गम एवं सीड में गिरावट
नई दिल्ली। नीचे दाम पर बिकवाली कम होने से दिल्ली में चना की कीमतें स्थिर हो गई, हालांकि ग्राहकी कमजोर है। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक राज्यों में मौसम अनुकूल रहा तो फिर नए चना की आवक होली के बाद बढ़ेगी। ऐसे में दाल मिलर्स जरूरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। वैसे भी एक बार नई फसल की आवकों का दबाव बनने पर दाम कमजोर होंगे। अत: भाव नीचे पर आने पर ही खरीद करनी चाहिए। हालांकि चालू सीजन में चना का उत्पादन अनुमान कम है, तथा मंडियों में अच्छी क्वालिटी का पुराना चना काफी कम बचा हुआ है।
दिल्ली में राजस्थान के चना के भाव 5,950 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए, जबकि मध्य प्रदेश के चना के दाम 5,900 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। राजस्थान के नए चना के दाम 5,825 से 5,850 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए, इस दौरान मध्य प्रदेश के नए चना के दाम 5,800 से 5,825 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। चना की दैनिक आवक 3 से 4 मोटरों की हुई।
राजस्थान लाइन की मोठ के दाम दिल्ली में 6,400 से 6,450 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।
सोलापुर में अरहर की कीमतें लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद स्थिर हो गई। व्यापारियों के अनुसार हाल ही में म्यांमार में लेमन अरहर की कीमतें घटी है, जबकि जबकि सूडान से नई अरहर की शिपमेंट शुरू हो गई। घरेलू बाजार में दाल मिलें केवल जरुरत के हिसाब से खरीद कर रही है क्योंकि अरहर दाल में ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर ही है। उधर केंद्र सरकार लगातार दलहन की कीमतों की समीक्षा कर रही है। जानकारों के अनुसार देसी अरहर की आवक उत्पादक मंडियों में अभी बनी रहेगी, साथ ही लेमन अरहर के साफ ही अफ्रीकी देशों से आयात में भी आगामी दिनों में बढ़ोतरी होगी। इसलिए इसके भाव में अभी बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए। हालांकि आयात पड़ते महंगे हैं, इसलिए स्टॉकिस्ट दाम तेज करना चाहते हैं। सोलापुर मंडी में देसी अरहर के भाव 9,500 से 10,350 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
आयातित उड़द की कीमतें चेन्नई में डॉलर में बुधवार को दूसरे दिन भी कमजोर हुई थी। व्यापारियों के अनुसार उड़द दाल में थोक एवं खुदरा में मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है, जबकि तेलंगाना के साथ ही आंध्र प्रदेश में नई फसल की आवक आगामी दिनों में और बढ़ेगी। केंद्र सरकार की सख्ती से उड़द की खरीद दाम मिलें केवल जरुरत के हिसाब से कर रही रही है। हालांकि खपत का सीजन होने के कारण आगामी दिनों में उड़द दाल में दक्षिण भारत की मांग बढ़ेगी। जानकारों के अनुसार चालू सीजन में उड़द के कुल उत्पादन अनुमान कम होने की आशंका है। अत: घरेलू बाजार में स्टॉकिस्टों की सक्रियता से उड़द की कीमतों में हल्का सुधार तो बन सकता है लेकिन बड़ी तेजी के आसार नहीं है। चेन्नई में उड़द एसक्यू के दाम 1,100 डॉलर और एफएक्यू के दाम 1,020 डॉलर प्रति टन बोले गए।
मूंग के भाव दिल्ली में स्थिर हो गए। व्यापारी मूंग की कीमतों में बड़ी तेजी के पक्ष में नहीं है। मौसम साफ है इसलिए उत्पादक मंडियों में मूंग की दैनिक आवक पहले की तुलना में बढ़ने लगी है, साथ ही खपत का सीजन होने के कारण मूंग दाल में मांग अभी बनी रहेगी, तथा मूंग का उत्पादन अनुमान कम होने की आशंका है। इसलिए इसके भाव में सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है। दिल्ली में राजस्थान लाइन की मूंग के भाव 9,150 से 9,250 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
देसी मसूर के दाम दिल्ली में स्थिर हो गए, जबकि बुधवार को इसकी कीमतों में तेजी आई थीं। हालांकि व्यापारी बड़ी तेजी के पक्ष में नहीं है। मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश में मौसम अनुकूल है, इसलिए होली के बाद नई मसूर की आवकों में बढ़ोतरी होगी। चालू रबी में मसूर के रिकार्ड उत्पादन का अनुमान है। इसलिए इसके भाव में आगे नरमी आने का अनुमान है। हालांकि बकाया स्टॉक कम होने के कारण पुरानी देसी मसूर की आवक उत्पादक मंडियों में कम हो रही है, जबकि मसूर दाल में खपत राज्यों बिहार, बंगाल एवं असम की मांग बराबर बनी रहने की उम्मीद है। दिल्ली में देसी मसूर के दाम 6,250 से 6,275 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
धान के साथ ही बासमती चावल के भाव में सुधार आया है। व्यापारियों के अनुसार बासमती चावल में निर्यातकों की मांग पहले की तुलना में बढ़ी है, इसलिए इसके भाव में और भी सुधार आने की उम्मीद है। टोहाना मंडी में 1,401 किस्म के धान का भाव 4,315 रुपये तथा 1,718 किस्म के धान के दाम 4,270 रुपये तथा टोहाना मंडी में 1,885 किस्म के धान के दाम 4,425 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
गेहूं के दाम लारेंस रोड पर आज तेज होकर दाम 2,550 से 2,625 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। हालांकि व्यापारी इसके भाव में तेजी नहीं है। उत्तर भारत के राज्यों में नए गेहूं की आवक अगले आठ से दस दिनों बाद शुरू हो जाएगी, इसलिए इसके भाव में धीरे, धीरे नरमी आने की उम्मीद है। मौसम अनुकूल रहा तो होली के बाद मध्य प्रदेश और राजस्थान में नए गेहूं की आवक बढ़ेगी।
मक्का के भाव स्थिर बने हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार पुरानी मक्का की आवक उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में कम हो गई है, जबकि रबी मक्का की आवक बिहार की मंडियों में अगले सप्ताह से शुरू हो जायेगी। इसलिए इसके भाव में सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है। सांगली मंडी में मक्का के बिल्टी भाव 2,350 से 2,400 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर बने रहे।
बाजरा की कीमतें स्थिर हो गई। उत्पादक मंडियों में बाजरे की आवक काफी कम हो रही है, इसलिए इसके भाव में ज्यादा मंदे के आसार नहीं हैं। चरखी दादरी मंडी में बाजरा का व्यापार 2350 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।
जौ के भाव स्थिर बने हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार जौ में माल्ट कंपनियों की मांग अभी बनी रहेगी, जिस कारण इसके भाव में हल्का सुधार आ सकता है, लेकिन अब बड़ी तेजी की उम्मीद नहीं है। हालांकि जौ का बकाया स्टॉक कम है, लेकिन नई फसल की आवक सप्ताह भर बढ़ेगी। चरखी दादरी मंडी में जौ के भाव 2,000 रुपये प्रति क्विंटल रहे।
चीनी के दाम स्थिर बने हुए है। व्यापारी अभी चीनी में ज्यादा मंदे में नहीं है, खपत का सीजन होने के कारण चीनी में मांग बनी रहने की उम्मीद है। वैसे भी चालू पेराई सीजन में 15 मार्च तक चीनी का उत्पादन 280.79 लाख टन का हुआ है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 282.60 लाख टन का उत्पादन हो चुका था ।
सरसों के भाव में हल्का सुधार आने का अनुमान है। व्यापारियों के अनुसार विश्व बाजार में खाद्वय तेलों के दाम आज दूसरे दिन भी तेज कमजोर खुले हैं। हालांकि उत्पादक राज्यों में मौसम अनुकूल है, इसलिए नई सरसों की आवक बनी रहेगी। ऐसे में इसकी कीमतों में बड़ी तेजी के आसार नहीं है है। सरसों तेल के दाम स्थिर हो गए, जबकि खल में मांग कमजोर है।
घरेलू बाजार में खाद्वय तेलों के दाम 10 से 15 रुपये कमजोर हो गए। हालांकि मलेशिया में जून महीने के वायदा अनुबंध में पाम तेल के दाम 14 रिगिंट तेज होकर भाव 4,286 रिगिंट प्रति टन हो गए। विश्व बाजार में खाद्वय तेलों में हल्की तेजी तो बन सकती है, लेकिन बड़ी तेजी के आसार कम है। इसलिए घरेलू बाजार में इनकी कीमतों में अभी ज्यादा तेजी नहीं आयेगी।
कैस्टर सीड की कीमतों में नरमी आई है, गुजरात की मंडियों में दैनिक आवक एक लाख बोरी से ज्यादा की हो रही है, जबकि कैस्टर तेल में निर्यात मांग कमजोर है। गुजरात में कैस्टर सीड के दाम 1,170 से 1,195 रुपये प्रति 20 किलो एवं तेल के भाव 1,210 कमर्शियल एवं 1,220 रुपये एफएसजी के प्रति 10 किलो रहे।
सोयाबीन के दाम उत्पादक मंडियों में कमजोर हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार घरेलू बाजार में इसके भाव में अभी ज्यादा तेजी की उम्मीद नहीं है। उत्पादक मंडियों में अभी दैनिक आवक बराबर बनी रहेगी है, जबकि प्लांट जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। हालांकि शिकागो में सोयाबीन और सोया तेल और मील के दाम तेज हैं।
घरेलू बाजार में कॉटन की कीमतें नरम हुई हैं, हाल ही में विदेशी बाजार में इसके दाम कमजोर हुए है जिस कारण घरेलू बाजार में इसकी कीमतों पर दबाव है। मार्च क्लोजिंग और त्योहारी सीजन होने के कारण अभी इसमें व्यापारी सीमित ही रहेगा। हालांकि स्पिनिंग मिलों के पास बकाया स्टॉक कम है, इसलिए मिलों की खरीद अप्रैल में बढ़ने की उम्मीद है। वैसे भी आगामी दिनों में कॉटन की दैनिक आवकों में कमी आयेगी।
बिनौला और कपास खली के भाव दूसरे दिन नरम हो गए। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक मंडियों में कपास की दैनिक आवकों में पहले की तुलना में कमी आई है, तथा आगामी दिनों में आवक और घटेगी, इसलिए इनकी कीमतों में अब ज्यादा मंदे की उम्मीद नहीं है।
ग्वार सीड और ग्वार गम के भाव कमजोर खुले हैं। व्यापारियों के अनुसार प्लांटों के पास ग्वार सीड का बकाया स्टॉक ज्यादा है। जबकि ग्वार गम उत्पादों का निर्यात चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से जनवरी के दौरान घटकर 3.39 लाख टन का ही हुआ है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इसका निर्यात 3.50 लाख टन का हुआ था। ऐसे में इसकी कीमतों में अभी बड़ी तेजी के आसार नहीं है।