स्टॉकिस्टों की सक्रियता से अरहर एवं उड़द तथा मसूर में दूसरे दिन मिलाजुला रुख, चना मजबूत
नई दिल्ली। दाल मिलों की सीमित मांग बनी रहने से घरेलू बाजार में शुक्रवार को अरहर एवं उड़द के साथ ही मसूर की कीमतों में मिलाजुला रुख रहा, जबकि इस दौरान चना के दाम तेज हुए। मूंग की कीमतें लगातार दूसरे दिन भी स्थिर बनी रही।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 मार्च को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि की गतिविधियां हो सकती हैं। 1 मार्च को पश्चिमी राजस्थान में, 2 मार्च को हरियाणा, पूर्वी राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा 1 और 2 मार्च को गुजरात और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में और 2 मार्च को छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश संभव है।
चेन्नई में बर्मा की उड़द एफएक्यू और एसक्यू के भाव कमजोर हुए। इस दौरान लेमन अरहर की कीमतों में तेजी आई। उड़द एफएक्यू के भाव मार्च शिपमेंट के 10 डॉलर कमजोर होकर 1,010 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ रह गए, जबकि इस दौरान एसक्यू उड़द के भाव पांच डॉलर घटकर 1,085 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ बोले गए। चेन्नई में लेमन अरहर के दाम 10 डॉलर तेज होकर भाव 1,255 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ हो गए।
चेन्नई में उड़द की कीमतों में डॉलर में हल्की नरमी आई, साथ ही घरेलू बाजार में इसकी कीमतों में दूसरे दिन भी मिलाजुला रुख देखा गया। व्यापारियों के अनुसार सरकार की सख्ती को देखते हुए दाल मिलें उड़द की खरीद केवल जरुरत के हिसाब से ही कर रही हैं, क्योंकि उड़द दाल में बढ़ी हुई कीमतों में खुदरा एवं थोक मांग भी नहीं बढ़ पा रही। उधर कृष्णा जिले में नई उड़द की आवक पहले की तुलना में बढ़ी है, साथ ही उड़ीसा की में भी नई उड़द की आवक बढ़ रही है। उड़द दाल में दक्षिण भारत की मांग भी सामान्य की तुलना में कमजोर है। इसलिए इसकी कीमतों में अभी बड़ी तेजी के आसार नहीं है। हालांकि उड़द के आयात पड़ते अभी भी महंगे हैं, इसलिए आयातक जरूर दाम तेज करना चाहते हैं, अत: भाव तेज होने पर मुनाफावसूली करते रहना चाहिए।
घरेलू बाजार में अरहर की कीमतों में लगातार तीसरे दिन मिलाजुला रुख देखा गया। हालांकि चेन्नई में लेमन के दाम डॉलर में तेज हुए। व्यापारियों के अनुसार अरहर में बढ़े दाम पर दाल मिलों की मांग का समर्थन नहीं मिल पा रहा है क्योंकि केंद्र सरकार लगातार दलहन की कीमतों की लगातार समीक्षा कर रही है, जबकि घरेलू मंडियों में जहां देसी अरहर की आवक अभी बनी रहेगी, वहीं म्यांमार से लेमन अरहर का आयात भी आगामी दिनों में बढ़ेगा। ऐसे में इसके भाव में अभी बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए। हालांकि प्रमुख उत्पादक राज्यों महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में अरहर के उत्पादन अनुमान में कमी आने की आशंका है, साथ ही आयात पड़ते भी महंगे हैं, इसलिए मौजूदा कीमतों में अभी तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है।
दिल्ली में चना की कीमतों में लगातार चौथे दिन भी तेजी दर्ज की गई। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक राज्यों में मौसम खराब होने का डर है। अगर बारिश हुई तो फिर नई फसल की आवक पर असर पड़ेगा। इसलिए इसके भाव में हल्की तेजी और भी बन सकती है। जानकारों के अनुसार चना की कीमतों में तेजी, मंदी उत्पादक राज्यों में मौसम कैसा रहता है, इस पर भी निर्भर करेगी। नई फसल को देखते हुए दाल मिलें भी जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रही हैं। मौसम अनुकूल रहा तो नए चना की आवक होली के बाद बढ़ेगी। हालांकि चालू सीजन में चना का उत्पादन अनुमान कम है, लेकिन एक बार आवकों का दबाव बनने पर कीमतों में और भी मंदा आयेगा। वैसे भी केंद्र सरकार ने चना का एमएसपी 5,440 रुपये प्रति क्विंटल तय किया हुआ है। खपत का सीजन होने के कारण चना दाल एवं बेसन की मांग अभी बनी रहेगी, जबकि उत्पादक राज्यों में अच्छी क्वालिटी का पुराना स्टॉक सीमित मात्रा में ही बचा हुआ है।
मुंबई में कनाडा की पीली मटर के दाम 4,200 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर गए। इस दौरान हजिरा बंदरगाह पर रसिया की पीली मटर के दाम 4,100 से 4,125 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। मुंद्रा बंदरगाह पर रसिया की पीली मटर के भाव 4,150 से 4,175 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।
दिल्ली में देसी मसूर के दाम तेज हुए हैं, जबकि आयातित के दाम मुंद्रा बंदरगाह पर कमजोर हुए। व्यापारियों के अनुसार मौसम अनुकूल रहा तो मार्च में मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश की मंडियों में नई मसूर की आवक आवक बढ़ेगी। चालू रबी में मसूर की बुआई पिछले साल की तुलना में बढ़ी है, जिस कारण उत्पादन अनुमान भी ज्यादा है। इसलिए इसके भाव में हल्की नरमी और भी आ सकती है। हालांकि आयातकों के पास उंचे भाव का स्टॉक है, इसलिए आयातक दाम घटाना नहीं चाहते। उधर उत्पादक मंडियों में पुरानी देसी मसूर की आवक सीमित मात्रा में ही हो रही है।
सरकार केंद्रीय पूल से मसूर बेचने की योजना बना रही है। केंद्रीय पूल में पुरानी मसूर का बकाया स्टॉक ज्यादा है, जबकि नई फसल की आवकों में आगे बढ़ोतरी होगी। अत: सरकार मसूर की बिक्री करेगी, तो कीमतों पर दबाव बनेगा।
देसी मूंग की कीमतें दूसरे दिन भी स्थिर बनी रही। व्यापारियों के अनुसार खपत का सीजन होने के कारण मूंग दाल में मांग अभी बनी रहेगी, साथ ही रबी सीजन में इसकी बुआई पिछले साल की तुलना में घटी है। हालांकि उत्पादक राज्यों में मूंग की दैनिक आवक पहले की तुलना में बढ़ी, तथा मार्च में नई आवकों में बढ़ोतरी होगी। इसलिए मौजूदा कीमतों में अब ज्यादा तेजी के आसार नहीं है। उधर नेफेड राजस्थान के साथ ही मध्य प्रदेश में लगातार मूंग की बिकवाली कर रही है।
चेन्नई में एसक्यू उड़द के दाम कंटेनर में 50 रुपये कमजोर होकर 9,250 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। इस दौरान एफएक्यू के दाम 50 रुपये घटकर 8,450 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
मुंबई में उड़द एफएक्यू के दाम 75 रुपये घटकर भाव 8,475 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
दिल्ली में एसक्यू उड़द के दाम 50 रुपये तेज होकर 9,950 से 9,975 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इस दौरान एफएक्यू के दाम 50 रुपये तेज होकर 8,850 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
इंदौर मंडी में बोल्ड उड़द के भाव 8,000 से 8,500 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।
चेन्नई में लेमन अरहर के दाम 25 रुपये कमजोर होकर 10,175 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
देसी अरहर की कीमतें सोलापुर, नागपुर, रायपुर, इंदौरा और अकोला में स्थिर बनी रही, जबकि लातूर में इसके दाम तेज हुए।
मुंबई में लेमन अरहर के दाम शाम के सत्र में 100 रुपये बढ़कर 10,250 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
मुंबई में अफ्रीकी देशों से आयातित अरहर की कीमतें स्थिर से कमजोर हुई। सूडान से आयातित अरहर के दाम 10,000 से 10,100 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। इस दौरान गजरी अरहर के भाव 9,200 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। मतवारा अरहर के भाव 50 रुपये घटकर दाम 9,000 से 9,100 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। सफेद अरहर की कीमतें 100 रुपये घटकर 9,300 रुपये प्रति क्विंटल रह गई।
दिल्ली में देसी मसूर के दाम 25 रुपये तेज होकर दाम 6,050 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
कनाडा की मसूर की कीमतें कंटेनर में 6,000 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर गई। ऑस्ट्रेलिया की मसूर की कीमतें कंटेनर में 5,900 रुपये प्रति क्विंटल बोली गई। मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा की मसूर के दाम 25 रुपये घटकर 5,725 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। इस दौरान हजीरा बंदरगाह पर कनाडा की मसूर के भाव 5,800 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर गए।
दिल्ली में राजस्थान लाइन के चना के दाम 50 रुपये तेज होकर भाव 6,225 से 6,250 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इस दौरान मध्य प्रदेश लाइन में चना के भाव 50 रुपये बढ़कर 6,175 से 6,200 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
दिल्ली में राजस्थान लाईन की मूंग के दाम 8,900 से 9,000 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। जयपुर मंडी में मूंग के बिल्टी भाव 7,800 से 8,600 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। इंदौर में मीडियम मूंग के दाम 7,500 से 8,000 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर बने रहे।