दाल मिलों की ग्राहकी से अरहर, उड़द के साथ मसूर, चना एवं मूंग महंगी
नई दिल्ली। आयात पड़ते महंगे होने के साथ ही दाल मिलों की खरीद बनी रहने से घरेलू बाजार में गुरुवार को अरहर एवं उड़द के साथ ही मसूर तथा चना एवं मूंग की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी दर्ज की गई।
बर्मा से आयातित चेन्नई पहुंच उड़द एसक्यू एवं एफएक्यू की कीमतें तीसरे दिन 10-15 डॉलर तेज हो गई। इस दौरान लेमन अरहर की कीमतें 25 डॉलर बढ़ गई। उड़द एफएक्यू के भाव मई एवं जून शिपमेंट के 10 डॉलर तेज होकर 1,085 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ हो गए, जबकि इस दौरान एसक्यू उड़द के भाव भी 15 डॉलर बढ़कर 1,180 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ हो गए। चेन्नई में लेमन अरहर के दाम 25 डॉलर तेज होकर 1,410 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ हो गए।
चेन्नई में आयातित उड़द की कीमतें डॉलर में लगातार तीसरे दिन तेजी आई है, जिस कारण घरेलू बाजार में भी मिलों की खरीद से दाम तेज हो गए। व्यापारियों के अनुसार आयातित उड़द महंगी है इसलिए आयातक दाम तेज कर रहे हैं। हालांकि बढ़ी हुई कीमतों में उड़द दाल में दक्षिण भारत की मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है तथा जून में आमतौर पर दलहन में मांग कम हो जाती है। इसलिए दाल मिलें उड़द की खरीद जरुरत के हिसाब से ही कर रही है, क्योंकि मध्य प्रदेश की मंडियों में समर उड़द की आवक पहले की तुलना में बढ़ी है। उधर म्यांमार से भी उड़द के आयात सौदे बराबर हो रहे हैं। केंद्र सरकार की सख्ती को देखते हुए दाल मिलें भी जोखिम कम ले रही है। इसलिए मौजूदा कीमतों में हल्का सुधार तो और भी बन सकता है, लेकिन बड़ी तेजी टिक नहीं पायेगी।
मध्य प्रदेश की जबलपुर मंडी में समर उड़द का 9,360 रुपये प्रति क्विंटल की दर से व्यापार हुआ।
आयातित लेमन अरहर की कीमतें डॉलर में तेज हुई है, जिस कारण घरेलू बाजार में इसकी कीमतें तेज हुई। व्यापारियों के अनुसार अरहर के आयात पड़ते महंगे हैं, तथा घरेलू मंडियों में देसी अरहर की आवक पहले की तुलना में कम हुई है। इसलिए स्टॉकिस्ट इसके दाम तेज कर रहे हैं। वैसे भी चालू सीजन में अरहर के उत्पादन अनुमान में कमी आने की आशंका है। अत: इसकी कीमतों में हल्की तेजी और भी बन सकती है, लेकिन तेजी आने पर मुनाफावसूली करते रहना चाहिए। वैसे भी अरहर दाल में थोक के साथ ही खुदरा में ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर है, तथा म्यांमार के साथ ही अफ्रीकी देशों से अरहर का आयात अभी बना रहने की उम्मीद है। केंद्र सरकार लगातार दलहन की कीमतों की समीक्षा कर रही है। ऐसे में अरहर के भाव में अभी बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए।
चना की कीमतों में तेजी बनी हुई है तथा हाल ही में इसके दाम करीब 325 रुपये प्रति क्विंटल तेज हो चुकी है, इसलिए मुनाफावसूली आ सकती है। हालांकि चना में माल की मिलकत कम है, जिस कारण बिकवाली भी कम आ रही है। इसलिए इसके भाव में बड़ी गिरावट के आसार नहीं है। उत्पादक मंडियों में चना की आवक अपेक्षा अनुरूप बढ़ नहीं पा रही है, क्योंकि चालू सीजन में चना का उत्पादन अनुमान कम है। उधर ऑस्ट्रेलिया में दाम तेज होने के कारण आयात पड़ते महंगे हुए हैं, इसलिए चना का भविष्य तेजी का ही है जानकारों के अनुसार चना में समय, समय पर मुनाफावसूली करते रहे।
मुंबई में कनाडा की पीली मटर के दाम 4,150 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। इस दौरान हजिरा बंदरगाह पर रसिया की पीली मटर के भाव 3,975 से 4,000 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। मुंद्रा बंदरगाह पर रसिया की पीली मटर के भाव 4,000 रुपये और कनाडा की पीली मटर के दाम 4,125 से 4,150 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। कानपुर में देसी मटर के भाव 100 रुपये तेज होकर दाम 4,425 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर बने रहे।
दिल्ली में देसी मसूर के भाव तेज हुए हैं, जबकि आयातित की कीमतें बंदरगाह पर स्थिर हो गई। व्यापारियों के अनुसार मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश की मंडियों में मसूर की दैनिक आवकों में कमी आने लगी है, हालांकि चालू सीजन में उत्पादन अनुमान ज्यादा है, लेकिन अधिकांश माल मंडियों में आ चुका है। हालांकि व्यापारी मसूर में अभी एकतरफा बड़ी तेजी के पक्ष में नहीं है क्योंकि बंदरगाह पर आयातित मसूर का बकाया स्टॉक ज्यादा है साथ ही केंद्रीय पूल में मसूर का पुराना स्टॉक भी बचा हुआ है। इसलिए मसूर में मुनाफावसूली करते रहना चाहिए।
मूंग के दाम दूसरे दिन तेज हुए हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार मूंग दाल में ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर है साथ ही मौसम अनुकूल बना रहा तो मध्य प्रदेश के साथ ही गुजरात की मंडियों में नई समर मूंग की आवक बढ़ेगी। वैसे भी चालू समर सीजन में मूंग की बुआई पिछले साल की तुलना में बढ़ी है, जिस कारण उत्पादन अनुमान भी ज्यादा है। व्यापारियों के अनुसार जून में मूंग दाल में ग्राहकी आमतौर पर कम रहती है। इसलिए इसकी कीमतों बड़ी तेजी टिक नहीं पायेगी।
चेन्नई में एसक्यू उड़द के दाम 100 रुपये तेज होकर भाव 9,750 रुपये प्रति क्विंटल हो गए, जबकि इस दौरान एफएक्यू के दाम 50 रुपये बढ़कर 9,100 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
दिल्ली में एसक्यू उड़द फसल सीजन 2023/24 के दाम तेज होकर 10,050 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। एफएक्यू के दाम 100 रुपये बढ़कर 9,450 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
मुंबई में उड़द एफएक्यू के दाम 50 रुपये तेज होकर 9,300 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
इंदौर मंडी में बोल्ड उड़द के भाव 8,500 से 9,000 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।
कोलकाता में उड़द एफएक्यू के भाव 100 रुपये तेज होकर दाम 9,200 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
चेन्नई में लेमन अरहर के दाम शाम के सत्र में 11,200 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।
देसी अरहर की कीमतें सोलापुर, कानपुर और लातूर मंडी में तेज हुई, जबकि अन्य उत्पादक मंडियों में स्थिर बनी रही।
मुंबई में नई लेमन अरहर के दाम शाम के सत्र में 11,200 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।
दिल्ली में लेमन अरहर के दाम शाम के सत्र में 100 रुपये बढ़कर 11,600 से 11,700 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
मुंबई में अफ्रीकी देशों से आयातित अरहर की कीमतें स्थिर से तेज हो गई। सूडान से आयातित अरहर के दाम 11,650 से 11,700 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। इस दौरान गजरी अरहर के भाव 100 रुपये तेज होकर 10,600 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। मतवारा अरहर के भाव 10,300 से 10,400 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। सफेद अरहर की कीमतें 10,800 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गई।
दिल्ली में देसी मसूर के दाम 25 रुपये तेज होकर दाम 6,500 से 6,525 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
कनाडा की मसूर के भाव कंटेनर में 6,150 से 6,175 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। ऑस्ट्रेलिया की मसूर की कीमतें कंटेनर में 6,000 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गई। मुंद्रा बंदरगाह पर मसूर के भाव 6,050 रुपये जबकि हजीरा बंदरगाह पर इसके दाम 6,075 से 6,100 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। पटना में देसी मसूर के भाव 50 रुपये तेज होकर दाम 6,350 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
दिल्ली में राजस्थान लाइन के नए चना के दाम 100 रुपये बढ़कर 6,725 से 6,750 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इस दौरान मध्य प्रदेश लाइन के नए चना के भाव 100 रुपये तेज होकर 6,700 से 6,725 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
दिल्ली में मूंग के दाम 50 रुपये तेज होकर 8,600 से 8,750 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इंदौर में समर मूंग के भाव 100 रुपये तेज होकर 8,200 से 8,500 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। लातूर में चमकी मूंग के दाम 6,500 से 8,000 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। जयपुर मंडी में मूंग के बिल्टी भाव 200 रुपये बढ़कर 8,200 से 8,700 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।