एग्री जिंसों की दैनिक रिपोर्ट 20 अप्रैल 2024

अरहर दूसरे दिन कमजोर, अन्य दालों के भाव स्थिर
गेहूं के दाम स्थिर, ग्वार गम एवं सीड में नरमी
नई दिल्ली। चना की कीमतें दिल्ली में स्थिर हो गई। व्यापारियों के अनुसार चना की कीमतों में सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है, क्योंकि उत्पादक मंडियों में चना की आवकों का दबाव नहीं बन पा रहा। वैसे भी चालू सीजन में उत्पादन अनुमान कम है, तथा केंद्रीय पूल में बफर स्टॉक के लिए सरकार बाजार भाव पर चना खरीदेगी। उत्पादक राज्यों में मौसम अनुकूल रहा तो चना की आवक अभी बनी रहेगी, तथा आवकों का देखते हुए दाल मिलें केवल जरूरत के हिसाब से ही चना की खरीद कर रहे हैं। ऐसे में भाव नीचे आने पर ही चना की खरीद करें। दिल्ली में राजस्थान के नए चना के दाम 6,300 से 6,325 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए, इस दौरान मध्य प्रदेश के नए चना के दाम 6,250 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। चना की दैनिक आवक 10 से 12 मोटरों की हुई।

सोलापुर में अरहर की कीमतें लगातार दूसरे दिन 100 रुपये कमजोर खुले हैं। व्यापारियों के अनुसार बर्मा से चेन्नई पहुंच लेमन अरहर के दाम डॉलर में स्थिर हो गए। स्टॉकिस्टों की मुनाफावसूली से कीमतों में गिरावट आई है। घरेलू बाजार में दलहन की ऊंची कीमतों को लेकर केंद्र सरकार सख्त है। ऐसे में दाल मिलर्स केवल जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। आगामी दिनों में म्यांमार से लेमन की आवक बढ़ेगी, साथ ही सूडान से नई अरहर की शिपमेंट आयेगी। अरहर दाल में बढ़ी हुई कीमतों में खुदरा के साथ ही थोक में ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर ही है। जानकारों के अनुसार देसी अरहर की आवक उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में कम हुई है। सोलापुर मंडी में देसी अरहर के भाव 10,000 से 11,750 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

आयातित उड़द की कीमतों में शुक्रवार को नरमी दर्ज की गई थी, जबकि आज इसके दाम स्थिर हो गए। व्यापारियों के अनुसार उड़द दाल में थोक एवं खुदरा में मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है इसलिए उड़द की कीमतों में एकतरफा बड़ी तेजी के आसार नहीं है। वैसे भी तेलंगाना के साथ ही आंध्र प्रदेश में उड़द की आवक अभी बनी हुई हैं साथ ही केंद्र सरकार की सख्ती से उड़द की खरीद दाल मिलें केवल जरुरत के हिसाब से कर रही रही है। वैसे भी आगामी दिनों में म्यांमार से उड़द का आयात बढ़ेगा, तथा म्यांमार में उत्पादन अनुमान ज्यादा है। ऐसे घरेलू बाजार में स्टॉकिस्टों की सक्रियता से उड़द की कीमतों में हल्की तेजी तो बन सकता है लेकिन बड़ी तेजी के आसार नहीं है। हालांकि आयात पड़ते अभी भी महंगे हैं। दाहोद मंडी में देसी उड़द के दाम 6,000 से 7,000 रुपये प्रति क्विंटल रहे।

मूंग के भाव उत्पादक मंडियों में स्थिर ही बने हुए हैं। व्यापारी मूंग की कीमतों में अभी बड़ी तेजी के पक्ष में नहीं है। मध्य प्रदेश की मंडियों में समर मूंग की आवक शुरू हो गई है तथा मौसम साफ रहा तो उत्पादक राज्यों की मंडियों में नई मूंग की दैनिक आवक पहले की तुलना में बढ़ेगी।  खपत का सीजन होने के कारण मूंग दाल में मांग अभी बनी रहेगी, तथा मूंग का उत्पादन अनुमान कम होने की आशंका है। इसलिए इसके भाव में सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है। दाहोद में नई मूंग के दाम 9,000 रुपये प्रति क्विंटल रहे।

देसी मसूर के दाम दिल्ली में स्थिर हो गए। व्यापारियों के अनुसार मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश में मौसम अनुकूल रहा तो नई मसूर की आवकों में और बढ़ोतरी होगी। चालू रबी में मसूर के रिकार्ड उत्पादन का अनुमान है। केंद्र सरकार दलहन की कीमतों की हर सप्ताह समीक्षा भी कर रही है। इसलिए इसके भाव में आगे नरमी ही आने का अनुमान है। जानकारों के अनुसार मसूर दाल में खपत राज्यों बिहार, बंगाल एवं असम की मांग बराबर बनी रहने की उम्मीद है। दिल्ली में देसी मसूर के दाम 6,300 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

धान के साथ ही बासमती चावल की कीमतें स्थिर हुई हैं। व्यापारियों के अनुसार बासमती चावल में निर्यातकों की मांग कमजोर है हालांकि दाम पहले ही काफी नीचे आ चुके हैं इसलिए भाव रुकने की उम्मीद है। हरियाणा की मंडियों में धान की आवक लगभग बंद है। हरियाणा से लाइन से 1,509 सेला चावल का व्यापार 6550 से 6600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

गेहूं के दाम लारेंस रोड पर 2400 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। उत्तर भारत के राज्यों में मौसम साफ हुआ है इसलिए नए गेहूं की आवकों में बढ़ोतरी होगी। इसलिए आगे इसके भाव में नरमी आने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में नए गेहूं की आवकों में बढ़ोतरी हुई है।

चालू रबी सीजन में गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर खरीद 60.58 लाख टन की ही हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 95.36 लाख टन की हो चुकी थी।

मक्का के भाव स्थिर हो गए। व्यापारियों के अनुसार रबी मक्का की आवक मंडियों में लगातार बढ़ी रही है, इसलिए इसके भाव में आगे और नरमी आने का अनुमान है। नागपुर में फीड क्वालिटी की मक्का के भाव 2,310 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

बाजरा की कीमतें स्थिर हो गई। हालांकि व्यापारी बड़ी गिरावट के पक्ष में नहीं है, वैसे भी मंडियों में आवक काफी कम हो रही है। पंजाब पहुंच बाजरा का व्यापार 2,325 से 2,350 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

जौ के भाव स्थिर बने हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक मंडियों में जौ की आवक अभी बराबर बनी हुई है साथ ही स्टॉकिस्टों की खरीद भी बनी हुई है। मंडियों में जौ के भाव 1600 से 1750 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे हैं।

चीनी के दाम स्थिर हो गए। व्यापारी अभी चीनी में ज्यादा मंदे में नहीं है, गर्मियों का सीजन होने के कारण चीनी में मांग बनी रहने की उम्मीद है। हालांकि चीनी के आरंभिक अनुमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है। देश में 15 अप्रैल तक 310.93 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है।

कैस्टर सीड के दाम गुजरात में स्थिर हो गए। कैस्टर सीड के भाव 1,110 से 1,130 रुपये प्रति 20 किलो बोले गए, तथा दैनिक आवक 1,40,000 बोरियों की हुई। राजकोट में कैस्टर तेल कमर्शियल के दाम 3 रुपये बढ़कर 1,168 रुपये और एफएसजी के 3 रुपये तेज होकर 1,178 रुपये प्रति 10 किलो हो गए।  

सरसों के भाव स्थिर हो गए। मलेशिया में चालू सप्ताह के अंत में पाम तेल में गिरावट आई थी, साथ ही शिकागो में सोया तेल में भी मंदा आया था। जानकारों के अनुसार उत्पादक राज्यों में मौसम अनुकूल रहा तो नई सरसों की आवक अभी बराबर बनी रहेगी। ऐसे में इसकी कीमतों में अभी अभी बड़ी तेजी के आसार नहीं है। सरसों तेल के दाम पांच रुपये कमजोर हुए, जबकि खल में भी ग्राहकी कमजोर है।

हरियाणा से समर्थन मूल्य पर 9.50 लाख टन सरसों की खरीद हुई है।

घरेलू बाजार में खाद्वय तेलों में 10 से 12 रुपये की कमजोरी आई है। उधर मलेशिया में पाम तेल के दाम चालू सप्ताह के अंत में कमजोर हुए थे, साथ ही शिकागो में सोया तेल में गिरावट आई थी। जानकारों के अनुसार विश्व बाजार में खाद्वय तेलों में अभी बड़ी तेजी के आसार कम है। अत: घरेलू बाजार में इनकी कीमतों में सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है।

सोयाबीन के दाम उत्पादक मंडियों में कमजोर हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक मंडियों में अभी दैनिक आवक बराबर बनी रहेगी है, जबकि प्लांट जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं।

घरेलू बाजार में कॉटन की कीमतें स्थिर हो गई। विश्व बाजार में शुक्रवार को इसके दाम तेज होकर बंद हुए थे। जानकारों के अनुसार घरेलू बाजार में एमएनसी कंपनियां कॉटन की बिकवाली कर रही है, तथा हाल ही में विश्व बाजार में दाम कमजोर होने से निर्यात पड़ते भी नहीं लग रहे। ऐसे में इसकी कीमतों में तेजी, मंदी विदेशी बाजार के दाम पर ही निर्भर करेगी।

बिनौला एवं कपास खली के भाव में हल्की नरमी आई है, व्यापारियों के अनुसार ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर है, जबकि उत्पादक मंडियों में कपास की दैनिक आवकों में पहले की तुलना में कमी आई है, तथा आगामी दिनों में आवक और घटेगी, इसलिए इनकी कीमतों में हल्की तेजी, मंदी बनी रह सकती है।

ग्वार सीड और ग्वार गम के दाम चालू सप्ताह के अंत में कमजोर हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार ग्वार गम उत्पादों में निर्यात मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है तथा प्लांटों के पास बकाया स्टॉक ज्यादा है। चालू सीजन में मानसूनी बारिश सामान्य होने का अनुमान है। ऐसे में स्टॉकिस्ट दाम तो तेज कर रहे हैं, लेकिन तेजी टिक नहीं पा रही है। हालांकि उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में ग्वार सीड की दैनिक आवकों में कमी आई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *