एग्री जिंसों की दैनिक रिपोर्ट 11 अप्रैल 2024

अरहर मंदी, अन्य दालों के भाव स्थिर
गेहूं में हल्का सुधार, ग्वार गम एवं सीड में नरमी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने दालों के साप्ताहिक स्टॉक की जानकारी देना अनिवार्य कर दिया है। चुनाव के समय में सरकार अरहर, उड़द, चना, मसूर और मूंग जैसी प्रमुख दालों की कीमतों पर विशेष जोर दे रही है ताकि बाजार में इनकी उपलब्धता सुनिश्चित बनी रहे। अत: सरकार के इस कदम से घरेलू बाजार में दालों की कीमतों पर दबाव बनेगा।

दिल्ली में चना की कीमतें स्थिर हो गई, लेकिन लिवाली कमजोर हुई है, जिससे कीमतों में नरमी आने का अनुमान है। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक राज्यों में मौसम अनुकूल रहा तो चना की आवक बढ़ेगी तथा दाल मिलें केवल जरूरत के हिसाब से ही चना की खरीद कर रहे हैं। हालांकि चालू सीजन में चना का उत्पादन अनुमान कम है ऐसे में इसके भाव आगे फिर तेज हो सकते हैं, क्योंकि सरकार बाजार भाव पर चना की खरीद की योजना बना रही है। दिल्ली में राजस्थान के नए चना के दाम 6,125 से 6,150 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए, इस दौरान मध्य प्रदेश के नए चना के दाम 6,075 से 6,100 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। चना की दैनिक आवक 5 से 6 मोटरों की हुई।

जयपुर मंडी में मोठ के बिल्टी भाव 6,600 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।

सोलापुर में अरहर की कीमतें 150 रुपये कमजोर खुली हैं, केंद्र की सख्ती से अरहर में स्टॉकिस्टों की मुनाफावसूली आई है। उधर बर्मा से चेन्नई पहुंच लेमन अरहर की कीमतें आज स्थिर है। जानकारों के अनुसार केंद्र सरकार की सख्ती से इसके भाव में और भी नरमी आयेगी। वैसे भी आगामी दिनों में म्यांमार से लेमन की आवक बढ़ेगी, साथ ही सूडान से नई अरहर की शिपमेंट आयेगी। घरेलू बाजार में दाल मिलें केवल जरुरत के हिसाब से खरीद कर रही है क्योंकि अरहर दाल में ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर ही है। जानकारों के अनुसार देसी अरहर की आवक उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में कम हुई है। सोलापुर मंडी में देसी अरहर के भाव 10,500 से 11,850 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

बर्मा से आयातित उड़द की कीमतें चेन्नई में डॉलर में स्थिर हो गई। जानकारों के अनुसार उड़द दाल में थोक एवं खुदरा में मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है, जबकि तेलंगाना के साथ ही आंध्र प्रदेश में उड़द की आवक बनी हुई हैं। वैसे भी केंद्र सरकार की सख्ती से उड़द की खरीद दाम मिलें केवल जरुरत के हिसाब से कर रही रही है। वैसे भी आगामी दिनों में म्यांमार से उड़द का आयात बढ़ेगा, वैसे भी म्यांमार में उत्पादन अनुमान ज्यादा है। ऐसे घरेलू बाजार में स्टॉकिस्टों की सक्रियता से उड़द की कीमतों में हल्की तेजी तो बन सकता है लेकिन बड़ी तेजी के आसार नहीं है। हालांकि आयात पड़ते अभी भी महंगे हैं। बर्मा से चेन्नई के लिए उड़द एसक्यू के दाम 1,165 डॉलर एवं एफएक्यू के 1,070 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ बोले गए।

मूंग के भाव उत्पादक मंडियों में आज भी स्थिर बने रहे। व्यापारी मूंग की कीमतों में अभी बड़ी तेजी के पक्ष में नहीं है। मौसम साफ है इसलिए उत्पादक राज्यों की मंडियों में मूंग की दैनिक आवक पहले की तुलना में बढ़ने लगी है, साथ ही खपत का सीजन होने के कारण मूंग दाल में मांग अभी बनी रहेगी, तथा मूंग का उत्पादन अनुमान कम होने की आशंका है। इसलिए इसके भाव में सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है। दाहोद मंडी में नई मूंग के भाव 7,000 से 7,500 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर बने रहे।

देसी मसूर के दाम दिल्ली में 25 रुपये तेज खुले हैं। हालांकि मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश में मौसम अनुकूल रहा तो नई मसूर की आवकों में और बढ़ोतरी होगी। चालू रबी में मसूर के रिकार्ड उत्पादन का अनुमान है। हालांकि बकाया स्टॉक कम होने के कारण पुरानी देसी मसूर की आवक उत्पादक मंडियों में कम हो रही है, जबकि मसूर दाल में खपत राज्यों बिहार, बंगाल एवं असम की मांग बराबर बनी रहने की उम्मीद है। इसलिए इसके भाव में बड़ी तेजी के आसार नहीं है। दिल्ली में देसी मसूर के दाम 6,375 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

धान के साथ ही बासमती चावल के भाव स्थिर हो गए। व्यापारियों के अनुसार चावल में निर्यात मांग अभी बनी रहने की उम्मीद है इसलिए इनके भाव में आगे सुधार आने की उम्मीद है। गेहूं की सरकारी खरीद के कारण उत्पादक मंडियों में धान की दैनिक आवक लगभग बंद हो गई है।

गेहूं के दाम लारेंस रोड पर 25 रुपये तेज होकर 2450 से 2,475 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। उत्तर भारत के राज्यों में नए गेहूं की आवक शुरू हो गई है तथा मौसम अनुकूल रहा तो आगामी दिनों में आवकों का दबाव बनेगा, इसलिए आगे इसके भाव में नरमी आने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में नए गेहूं की आवकों में बढ़ोतरी हुई है।

मक्का के भाव स्थिर हो गए। व्यापारियों के अनुसार मक्का की आवक बिहार की मंडियों में लगातार बढ़ी रही है, इसलिए इसके भाव में आगे और नरमी आने का अनुमान है। सांगली मंडी में स्टार्च मक्का के भाव 2,350 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

बाजरा की कीमतें स्थिर हो गई। हालांकि व्यापारी बड़ी गिरावट के पक्ष में नहीं है, वैसे भी मंडियों में आवक काफी कम हो रही है। चरखी दादरी मंडी में बाजरा का व्यापार 2,290 से 2,315 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

जौ के भाव स्थिर हो गए। उत्पादक मंडियों में जौ की नई फसल की आवक बराबर बनी हुई है, तथा आगामी दिनों में आवक और बढ़ेगी, इसलिए मौजूदा भाव में नरमी आने का अनुमान है। चरखी दादरी में जौ के भाव 1750 रुपये प्रति क्विंटल रहे।

चीनी के दाम स्थिर हो गए। व्यापारी अभी चीनी में ज्यादा मंदे में नहीं है, गर्मियों का सीजन होने के कारण चीनी में मांग बनी रहने की उम्मीद है। हालांकि चीनी के आरंभिक अनुमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

कैस्टर सीड के दाम गुजरात में आज स्थिर हो गए। मंडियों में कैस्टर सीड के भाव 1,130 से 1,160 रुपये प्रति 20 किलो पर स्थिर हो गए, तथा दैनिक आवक 65,000 बोरियों की हुई। उधर राजकोट में कैस्टर तेल कर्मिशय के दाम 2 रुपये कमजोर होकर 1,180 रुपये तथा एफएसजी के 2 रुपये घटकर 1,190 रुपये प्रति 10 किलो रह गए।

सरसों के भाव स्थिर हो गए। मलेशिया में आज भी अवकाश है, जबकि शिकागो में सोया तेल में नरम आई है। उधर उत्पादक राज्यों में मौसम अनुकूल रहा तो नई सरसों की आवक अभी बराबर बनी रहेगी। ऐसे में इसकी कीमतों में नरमी आने का अनुमान है। सरसों तेल के साथ ही खल के दाम स्थिर बने हुए हैं।

घरेलू बाजार में सोया तेल के दाम पांच रुपये तेज हुए हैं, जबकि अन्य के स्थिर हैं। उधर मलेशिया में आज दूसरे दिन भी अवकाश है तथा शिकागो में सोया तेल कमजोर है। जानकारों के अनुसार विश्व बाजार में खाद्वय तेलों में अभी बड़ी तेजी के आसार कम है। अत: घरेलू बाजार में इनकी कीमतों में सीमित तेजी, मंदी बनी रह सकती है।

सोयाबीन के दाम उत्पादक मंडियों में नरम हो गए। व्यापारियों के अनुसार घरेलू बाजार में सोयाबीन के भाव में हल्की नरमी बन सकता है। वैसे भी उत्पादक मंडियों में अभी दैनिक आवक बराबर बनी रहेगी है, जबकि प्लांट जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। शिकागो में सोयाबीन और सोया तेल में गिरावट आई है जबकि मील के दाम तेज खुले हैं।

घरेलू बाजार में कॉटन की कीमतें दूसरे दिन भी नरम हो गई, क्योंकि विश्व बाजार में हाल ही में इसके भाव में मंदा आया है, हालांकि व्यापारी बड़ी गिरावट के पक्ष में नहीं है। जानकारों के अनुसार कॉटन में स्पिनिंग मिलों के पास कॉटन का बकाया स्टॉक कम है, तथा जिनर्स को मौजूदा कीमतों में पड़ते नहीं लग रहे।

बिनौला एवं कपास खली के भाव में दूसरे दिन भी नरमी आई है। व्यापारियों के अनुसार ग्राहकी सामान्य की तुलना में कमजोर है, साथ ही उत्पादक मंडियों में कपास की दैनिक आवकों में पहले की तुलना में कमी आई है, तथा आगामी दिनों में आवक और घटेगी, इसलिए इनकी कीमतों में हल्की तेजी, मंदी बनी रह सकती है।

ग्वार सीड और ग्वार गम के दाम कमजोर हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार हाल ही में स्टॉकिस्टों के इसके दाम तेज किए थे, लेकिन मांग का समर्थन नहीं मिलने के कारण तेजी टिक नहीं पाई। वैसे भी ग्वार गम उत्पादों में निर्यात मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है तथा प्लांटों के पास बकाया स्टॉक ज्यादा है। उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में ग्वार सीड की दैनिक आवकों में कमी आई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *