एग्री जिंसों की दैनिक रिपोर्ट 4 मार्च 2024

चना तेज, अन्य दालों के भाव स्थिर
गेहूं के भाव स्थिर, ग्वार गम एवं सीड में नरमी
नई दिल्ली। दिल्ली में चना के दाम 25 रुपये तेज हो गए। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक राज्यों में पिछले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि हुई है, जिस कारण प्रभावित क्षेत्रों में नई फसल की आवकों में देरी की आशंका है। इसलिए चना के दाम तेज हुए हैं। जानकारों के अनुसार मौसम साफ होने के बाद राजस्थान और मध्य प्रदेश में नई फसल की आवक बढ़ेगी, जिसे देखते हुए मिलर्स जरूरत के हिसाब से ही खरीद कर रही हैं। अत: बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए। हालांकि चालू सीजन में चना का उत्पादन अनुमान कम है, तथा मंडियों में अच्छी क्वालिटी का पुराना चना कम है। दिल्ली में राजस्थान के चना के भाव 25 रुपये तेज होकर 6,300 से 6,325 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए, जबकि मध्य प्रदेश के चना के दाम 25 रुपये बढ़कर 6,250 से 6,275 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। चना की दैनिक आवक 9 से 19 मोटरों की हुई।

राजस्थान लाइन की मोठ के दाम दिल्ली में 125 रुपये कमजोर होकर 6,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।

सोलापुर में अरहर की कीमतें स्थिर हो गई। हालांकि बीते सप्ताह के अंत में इसके दाम तेज हुए थे। अरहर में व्यापारी इसके भाव में अभी एकतरफा तेजी के पक्ष में नहीं है, क्योंकि बढ़ी हुई कीमतों में दाल मिलों की मांग का समर्थन नहीं मिल पा रहा। वैसे भी केंद्र सरकार लगातार दलहन की कीमतों की समीक्षा कर रही है। जानकारों के अनुसार बढ़े दाम पर दाल मिलें केवल जरुरत के हिसाब से ही अरहर की खरीद कर रही है। देसी अरहर की आवक उत्पादक मंडियों में अभी बनी रहेगी, साथ ही लेमन अरहर के आयात में भी आगामी दिनों में बढ़ोतरी होगी। नई फसल को देखते हुए मिलर्स भी जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। इसलिए इसके भाव में बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए। सोलापुर मंडी में नई देसी अरहर के भाव 9,500 से 10,550 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

आयातित उड़द की कीमतें चेन्नई में डॉलर में स्थिर हो गई। व्यापारियों के अनुसार उड़द दाल में थोक एवं खुदरा में मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है, जबकि कृष्णा जिले में नई उड़द की आवकों में बढ़ोतरी हुई है। उधर उड़ीसा में भी नई उड़द की आवक हो रही है। तेलंगाना के साथ ही आंध्र प्रदेश में नई फसल की आवक महाशिवरात्रि के बाद बढ़ेगी। केंद्र सरकार की सख्ती से उड़द की खरीद दाम मिलें केवल जरुरत के हिसाब से कर रही रही है। हालांकि खपत का सीजन होने के कारण आगामी दिनों में उड़द दाल में दक्षिण भारत की मांग बढ़ेगी। जानकारों के अनुसार चालू सीजन में उड़द के कुल उत्पादन अनुमान कम होने की आशंका है। इसलिए इसकी कीमतों में अब सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है। चेन्नई में उड़द एसक्यू के दाम 1,090 डॉलर और एफएक्यू के दाम 1,015 डॉलर प्रति टन बोले गए।

मूंग के भाव दिल्ली में आज भी स्थिर बने हुए हैं, जबकि शनिवार को इसकी कीमतें तेज हुई थी। व्यापारियों के अनुसार मूंग की कीमतों में अभी सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है। जहां खपत का सीजन होने के कारण मूंग दाल में खपत राज्यों की मांग अभी बनी रहेगी, तथा खरीफ में मूंग का उत्पादन अनुमान कम हुआ। चालू रबी में बुआई में कमी हुई। वैसे भी उत्पादक राज्यों में मूंग की दैनिक आवक पहले की तुलना में कमी हुई है। हालांकि नेफेड लगातार मूंग बेच रही है। इसलिए मूंग की कीमतों में एकतरफा बढ़ी तेजी, मंदी के आसार नहीं हैं। दिल्ली में राजस्थान लाईन की मूंग के भाव 9,100 से 9,100 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर बने रहे।

देसी मसूर के दाम दिल्ली में स्थिर हो गए। व्यापारियों के अनुसार मध्य प्रदेश की मंडियों में नई मसूर की आवक शुरू हो गई है, लेकिन कई क्षेत्रों में पिछले दो, तीन दिनों से मौसम खराब है, तथा कुछ जगह बारिश हुई है, जिस कारण आवक प्रभावित हुई है। जानकारों के अनुसार मौसम साफ के बाद मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश की मंडियों में होली के बाद नई मसूर की आवकों में बढ़ोतरी होगी। चालू रबी में मसूर के रिकार्ड उत्पादन का अनुमान है। हालांकि बकाया स्टॉक कम होने के कारण पुरानी देसी मसूर की आवक उत्पादक मंडियों में कम हो रही है, जबकि मसूर दाल में खपत राज्यों बिहार, बंगाल एवं असम की मांग बराबर बनी रहने की उम्मीद है। इसलिए बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए। दिल्ली में देसी मसूर के दाम 6,150 से 7,175 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।

धान के साथ ही बासमती चावल के दाम नरम हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार बासमती चावल में निर्यातकों की मांग सामान्य की तुलना में कमजोर है, जबकि मिलर्स भी दाम घटाकर बिकवाली नहीं कर रहे। इसलिए चावल और धान की कीमतों में सीमित तेजी, मंदी बनी रह सकती है। सिरसा मंडी में डीपी 1,401 किस्म के धान के दाम 3,945 रुपये तथा पीबी 1 किस्म के धान के भाव 3,600 तथा टोहाना मंडी में 1,401 किस्म के धान के दाम 3,980 रुपये और रतिया मंडी में 1,401 किस्म के धान के दाम 3,991 रुपये प्रति क्विंटल रहे।

गेहूं के दाम लारेंस रोड पर 2,675 से 2,700 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। उत्तर भारत के राज्यों में पिछले 24 घंटों के दौरान बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। उधर गुजरात के बाद मध्य प्रदेश की कुछ मंडियों में नये गेहूं की आवक शुरू हो गई है, लेकिन उत्तर भारत के राज्यों में नया गेहूं आने में अभी समय है। इसलिए इसके भाव में हल्का सुधार आ सकता है लेकिन बड़ी तेजी के आसार नहीं है।

मक्का के भाव तेज हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार पुरानी मक्का की आवक उत्पादक मंडियों में पहले की तुलना में कम हो गई है, जबकि रबी मक्का की आवक बिहार की मंडियों में चालू महीने के मध्य बाद शुरू होगी। इसलिए इसके भाव में सीमित तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है।

बाजरा की कीमतें लगभग स्थिर बनी हुई हैं। उत्पादक मंडियों में बाजरे की आवक काफी कम हो रही है, इसलिए आगे इसके भाव में सुधार आने का अनुमान है। चरखी दादरी मंडी बाजरा का व्यापार 2300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुआ।

जौ के भाव उत्पादक मंडियों में स्थिर बने हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार जौ में माल्ट कंपनियों की मांग अभी बनी रहेगी, जिस कारण इसके भाव में बड़ी गिरावट के आसार नहीं है। जौ का बकाया स्टॉक कम है, जबकि नई फसल मार्च, अप्रैल में आयेगी।

चीनी के दाम स्थिर बने हुए है। व्यापारी अभी चीनी में ज्यादा मंदे में नहीं है, खपत का सीजन होने के कारण चीनी में मांग बनी रहने की उम्मीद है। चालू पेराई सीजन में चीनी का उत्पादन 254.70 लाख टन का हो चुका है, जोकि पिछले साल की समान अवधि के 259.05 लाख की तुलना में कम है।

सरसों के भाव कमजोर हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से सरसों की फसल को नुकसान हुआ है। हालांकि अब मौसम साफ हो गया है इसलिए अगले एक, दो दिनों में आवक बढ़ने की उम्मीद है। इसलिए कीमतों में बड़ी तेजी की उम्मीद नहीं है। सरसों तेल और खल के दाम स्थिर हो गए।

घरेलू बाजार में पाम तेल रिफाइंड और क्रूड की कीमतें पांच रुपये तेज हुई है, जबकि अन्य खाद्वय तेलों के दाम स्थिर हैं। उधर मलेशिया में मई महीने के वायदा अनुबंध में पाम तेल की कीमतों में 10 रिगिंट की नरमी आकर भाव 3,956 रिगिंट प्रति टन रह गए। जानकारों के अनुसार विश्व बाजार में अभी खाद्वय तेलों की कीमतों में बड़ी तेजी के आसार नहीं है, इसलिए घरेलू बाजार में भी इनकी कीमतों में हल्की तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है।

सोयाबीन के दाम उत्पादक मंडियों में स्थिर बने हुए हैं। इसलिए व्यापारी घरेलू बाजार में इसके भाव में अभी ज्यादा तेजी में नहीं है। उत्पादक मंडियों में अभी दैनिक आवक बराबर बनी रहेगी है, जबकि प्लांट जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रहे हैं। शिकागो में सोयाबीन, सोया तेल और मील के दाम तेज हुए हैं।

घरेलू बाजार में कॉटन की कीमतें स्थिर हो गई। हालांकि विदेशी बाजार में आज भी कॉटन की कीमतों में मंदा आया है, लेकिन घरेलू बाजार में जिनर्स दाम घटाकर बिकवाली नहीं कर रहे। उधर स्पिनिंग मिलें भी सीमित मात्रा में खरीद कर रही है इसलिए इसके भाव में ज्यादा मंदे के आसार नहीं है। वैसे भी आगामी दिनों में कॉटन की दैनिक आवकों में कमी आयेगी।

बिनौला और कपास खली के भाव कमजोर हो गए। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक मंडियों में कपास की दैनिक आवकों में पहले की तुलना में कमी आई है, तथा आगामी दिनों में आवक और घटेगी, इसलिए इनकी कीमतों में अब ज्यादा मंदे की उम्मीद नहीं है।

ग्वार सीड और ग्वार गम के भाव नरम  हुए हैं। व्यापारियों के अनुसार प्लांटों के पास ग्वार सीड का बकाया स्टॉक ज्यादा है। जबकि ग्वार गम उत्पादों का निर्यात अप्रैल से दिसंबर के दौरान पिछले साल की तुलना में कम हुआ है। इसलिए इसके भाव में बड़ी तेजी की उम्मीद अभी नहीं है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *