आयात पड़ते सस्ते होने के बावजूद अरहर एवं उड़द में मिलाजुला रुख, चना एवं मूंग तेज
नई दिल्ली। दाल मिलों की मांग बनी रहने से घरेलू बाजार में बुधवार को मूंग के साथ ही चना की कीमतों में तेजी दर्ज की गई, जबकि इस दौरान अरहर तथा उड़द की कीमतों में मिलाजुला रुख रहा। देसी मसूर के भाव कमजोर हुए जबकि आयातित की कीमतें स्थिर बनी रही।
चेन्नई में बर्मा की उड़द एफएक्यू और एसक्यू के भाव 5 से 20 डॉलर कमजोर हुए। इस दौरान लेमन अरहर की कीमतें भी 20 डॉलर घट गई। उड़द एफएक्यू के भाव मार्च शिपमेंट के पांच डॉलर कमजोर होकर दाम 1,010 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ रह गए, जबकि इस दौरान एसक्यू उड़द के भाव 20 डॉलर कमजोर होकर 1,080 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ रह गए। चेन्नई में लेमन अरहर के दाम 20 रुपये घटकर 1,245 डॉलर प्रति टन, सीएडंएफ रह गए।
चेन्नई में उड़द की कीमतों में डॉलर में गिरावट आई, जिस कारण सुबह के सत्र में हाजिर बाजार में इसके दाम कमजोर हुए थे, लेकिन नीचे दाम पर बिकवाली कम आने से शाम के सत्र में मिलाजुला रुख रहा। व्यापारियों के अनुसार सरकार की सख्ती को देखते हुए दाल मिलें उड़द की खरीद केवल जरुरत के हिसाब से ही कर रही हैं, क्योंकि उड़द दाल में बढ़ी हुई कीमतों में खुदरा एवं थोक मांग भी नहीं बढ़ पा रही। उधर कृष्णा जिले में नई उड़द की आवक पहले की तुलना में बढ़ी है, साथ ही उड़ीसा की में भी नई उड़द की आवक बढ़ रही है। उड़द दाल में दक्षिण भारत की मांग भी सामान्य की तुलना में कमजोर है। इसलिए इसकी कीमतों में अभी बड़ी तेजी के आसार नहीं है। हालांकि उड़द के आयात पड़ते अभी भी महंगे हैं, इसलिए आयातक जरूर दाम तेज करना चाहते हैं, अत: भाव तेज होने पर मुनाफावसूली करते रहना चाहिए।
घरेलू बाजार में अरहर की कीमतों में मिलाजुला रुख रहा। उधर चेन्नई में लेमन के दाम डॉलर में कमजोर हो गए। व्यापारियों के अनुसार अरहर में बढ़े दाम पर दाल मिलों की मांग का समर्थन नहीं मिल पा रहा है क्योंकि केंद्र सरकार लगातार दलहन की कीमतों की लगातार समीक्षा कर रही है, जबकि घरेलू मंडियों में जहां देसी अरहर की आवक अभी बनी रहेगी, वहीं म्यांमार से लेमन अरहर का आयात भी आगामी दिनों में बढ़ेगा। इसलिए इसके भाव में अभी बड़ी तेजी मानकर व्यापार नहीं करना चाहिए। हालांकि प्रमुख उत्पादक राज्यों महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में अरहर के उत्पादन अनुमान में कमी आने की आशंका है, साथ ही आयात पड़ते भी महंगे हैं, इसलिए मौजूदा कीमतों में अभी तेजी, मंदी बनी रहने का अनुमान है।
दिल्ली में चना की कीमतों में दूसरे दिन भी तेजी आई है। व्यापारियों के अनुसार उत्पादक राज्यों में मौसम खराब होने की आशंका है, जिसका असर नई फसल की आवक पर पड़ सकता है। इसलिए इसके भाव में हल्की तेजी और भी बन सकती है। जानकारों के अनुसार चना की कीमतों में तेजी, मंदी उत्पादक राज्यों में मौसम कैसा रहता है, इस पर भी निर्भर करेगी। नई फसल को देखते हुए दाल मिलें भी जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रही हैं। मौसम अनुकूल रहा तो नए चना की आवक होली के बाद बढ़ेगी। हालांकि चालू सीजन में चना का उत्पादन अनुमान कम है, लेकिन एक बार आवकों का दबाव बनने पर कीमतों में और भी मंदा आयेगा। वैसे भी केंद्र सरकार ने चना का एमएसपी 5,440 रुपये प्रति क्विंटल तय किया हुआ है। खपत का सीजन होने के कारण चना दाल एवं बेसन की मांग अभी बनी रहेगी, जबकि उत्पादक राज्यों में अच्छी क्वालिटी का पुराना स्टॉक सीमित मात्रा में ही बचा हुआ है।
केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने आंध्र प्रदेश से चालू रबी सीजन में न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर 1.14 लाख टन चना की खरीद को मंजूरी दे दी है। नेफेड राज्य सरकार की एजेंसियों के साथ मिलकर चना की खरीद करेगी।
मुंबई में कनाडा की पीली मटर के दाम 4,250 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। इस दौरान हजिरा बंदरगाह पर रसिया की पीली मटर के दाम 4,100 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। मुंद्रा बंदरगाह पर रसिया की पीली मटर के भाव 4,150 रुपये प्रति क्विंटल के पूर्व स्तर पर स्थिर बने रहे।
दिल्ली में देसी मसूर के दाम कमजोर हुए हैं, लेकिन आयातित के दाम बंदरगाह पर स्थिर ही बने रहे। व्यापारियों के अनुसार मौसम अनुकूल रहा तो मार्च में मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश की मंडियों में नई मसूर की आवक आवक बढ़ेगी। चालू रबी में मसूर की बुआई पिछले साल की तुलना में बढ़ी है, जिस कारण उत्पादन अनुमान भी ज्यादा है। इसलिए इसके भाव में हल्की नरमी और भी आ सकती है। हालांकि आयातकों के पास उंचे भाव का स्टॉक है, इसलिए आयातक दाम घटाना नहीं चाहते। उधर उत्पादक मंडियों में पुरानी देसी मसूर की आवक सीमित मात्रा में ही हो रही है।
देसी मूंग की कीमतों में लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद तेजी आई है। व्यापारियों के अनुसार खपत का सीजन होने के कारण मूंग दाल में मांग अभी बनी रहेगी, साथ ही रबी सीजन में इसकी बुआई पिछले साल की तुलना में घटी है। हालांकि उत्पादक राज्यों में मूंग की दैनिक आवक पहले की तुलना में बढ़ी, तथा मार्च में नई आवकों में बढ़ोतरी होगी। इसलिए मौजूदा कीमतों में अब ज्यादा तेजी के आसार नहीं है। उधर नेफेड राजस्थान के साथ ही मध्य प्रदेश में लगातार मूंग की बिकवाली कर रही है।
चेन्नई में एसक्यू उड़द के दाम कंटेनर में 25 रुपये कमजोर होकर 9,325 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। इस दौरान एफएक्यू के दाम 75 रुपये तेज होकर 8,425 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
मुंबई में उड़द एफएक्यू के दाम 25 रुपये बढ़कर भाव 8,500 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
दिल्ली में एसक्यू उड़द के दाम 50 रुपये कमजोर होकर 9,850 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। इस दौरान एफएक्यू के दाम 50 रुपये घटकर 8,750 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
इंदौर मंडी में बोल्ड उड़द के भाव 8,000 से 8,500 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।
चेन्नई में लेमन अरहर के दाम 25 रुपये कमजोर होकर 10,125 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
देसी अरहर की कीमतें सोलापुर, इंदौर, कटनी और कानपुर में स्थिर बनी रही।
मुंबई में लेमन अरहर के दाम शाम के सत्र में 10,200 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।
मुंबई में अफ्रीकी देशों से आयातित अरहर की कीमतें कमजोर से स्थिर हुई। सूडान से आयातित अरहर के दाम 100 रुपये घटकर 10,000 से 10,100 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। इस दौरान गजरी अरहर के भाव 9,200 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। मतवारा अरहर के भाव 9,050 से 9,150 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। सफेद अरहर की कीमतें 9,400 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गई।
दिल्ली में देसी मसूर के दाम 50 रुपये कमजोर होकर दाम 5,950 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
कनाडा की मसूर की कीमतें कंटेनर में 6,000 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर गई। ऑस्ट्रेलिया की मसूर की कीमतें कंटेनर में 5,900 रुपये प्रति क्विंटल बोली गई। मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा की मसूर के दाम 5,800 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए। इस दौरान हजीरा बंदरगाह पर कनाडा की मसूर के भाव 5,850 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।
दिल्ली में राजस्थान लाइन के चना के दाम 60 रुपये तेज होकर भाव 6,150 से 6,160 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इस दौरान मध्य प्रदेश लाइन में चना के भाव 75 रुपये बढ़कर 6,125 से 6,135 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए।
दिल्ली में राजस्थान लाईन की मूंग के दाम 100 रुपये तेज होकर दाम 8,900 से 9,000 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। जयपुर मंडी में मूंग के बिल्टी भाव 100 रुपये घटकर दाम 7,800 से 8,600 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। इंदौर में मीडियम मूंग के दाम 7,500 से 8,000 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर हो गए।